कांवड़ एक विशेष प्रकार की बहंगी (लकड़ी या बांस का डंडा) होती है, जिसके दोनों सिरों पर टोकरियां या घड़े बंधे होते हैं. इन टोकरियों या घड़ों में गंगाजल (गंगा नदी का पवित्र जल) भरा जाता है I
कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़िया (भगवान शिव के भक्त) इस कांवड़ को अपने कंधों पर रखकर सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हैं. वे हरिद्वार, गौमुख, गंगोत्री या गंगोत्री जैसे पवित्र स्थानों से गंगाजल लेते हैं और फिर अपने स्थानीय शिव मंदिरों में भगवान शिव को वह जल अर्पित करते हैं I आमतौर पर श्रावण की चतुर्दशी के दिन उस गंगा जल से अपने निवास के आसपास शिव मंदिरों में शिव का अभिषेक किया जाता है।
यह यात्रा मुख्य रूप से सावन (जुलाई-अगस्त) के महीने में होती है और इसे भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और भक्ति का प्रतीक माना जाता है. कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ को जमीन पर नहीं रखा जाता है, और भक्त कई कड़े नियमों का पालन करते हैं I
काँवड़ यात्रा का इतिहास:
काँवड़ यात्रा के पीछे काफी मान्यताएं प्रचलित हैं, आइए मान्याताओं के बारे में जानते हैं
पौराणिक मान्यताएं –
1- रावण और समुद्र मंथन: सबसे प्रचलित मान्यताओं में से एक समुद्र मंथन से जुड़ी है. जब समुद्र मंथन से ‘हलाहल’ विष श्रावण मास के महीने में निकला था, जब अमृत से पहले विष निकला और दुनिया उसकी गर्मी से जलने लगी , तो भगवान शिव ने सृष्टि को बचाने के लिए उस विष को पी लिया था. इससे उनका कंठ नीला पड़ गया और उसके कारण वे ‘नीलकंठ’ कहलाए I मान्यता है कि विष के प्रभाव को शांत करने के लिए त्रेता युग में, शिव के भक्त रावण ने हिमालय से गंगाजल लाकर ‘पुरा महादेव’ (जो आजकल बागपत, उत्तर प्रदेश में है) में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था. इस जलाभिषेक से शिव को विष की नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिली। तभी से कांवड़ यात्रा की परंपरा शुरू हुई मानी जाती है I
2- भगवान परशुराम: कुछ विद्वानों का मानना है कि सबसे पहले भगवान परशुराम ने कांवड़ यात्रा की थी. कहा जाता है कि उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर से गंगाजल लाकर बागपत स्थित ‘पुरा महादेव’ मंदिर में शिवजी का अभिषेक किया था. आज भी कई कांवड़ यात्री इसी मार्ग का अनुसरण करते हैं I इस वजह से इस मंदिर को परशुरामेश्वर के नाम से भी जाना जाता है I
3- श्रवण कुमार: त्रेतायुग में श्रवण कुमार का नाम भी कांवड़ यात्रा से जोड़ा जाता है. कथा के अनुसार, उन्होंने अपने नेत्रहीन माता-पिता की तीर्थयात्रा की इच्छा पूरी करने के लिए उन्हें कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार ले जाकर गंगा स्नान कराया था. लौटते समय वे अपने साथ गंगाजल लेकर आए, जिससे यह परंपरा शुरू हुई I
4- भगवान राम: एक अन्य मान्यता यह भी है कि भगवान राम ने भी कांवड़ यात्रा की थी. उन्होंने बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के शिवलिंग का जलाभिषेक किया था I ये वही देवघर मंदिर है जिसके बारे में मैं काफी कथाएं प्रचलित है माना जाता है की ये रावण द्वार लाया हुआ शिवलिंग है I
कांवड़ यात्रा के प्रमुख प्रकार :
कांवड़ यात्रा मुख्य रूप से चार प्रकार की होती है, जिनमें भक्त अपनी श्रद्धा, शारीरिक क्षमता और नियमों के पालन के आधार पर किसी एक का चुनाव करते हैं I
- सामान्य कांवड़ :
यह कांवड़ यात्रा का सबसे आम और कम कठिन रूप है I
इस यात्रा में कांवड़िया अपनी सुविधा के अनुसार कहीं भी रुककर आराम कर सकते हैं I
रास्ते में बने पंडालों और शिविरों में वे ठहरते हैं और थकान मिटाने के बाद अपनी यात्रा जारी रखते हैं I
अधिकांश श्रद्धालु इसी प्रकार की कांवड़ यात्रा करते हैं I
2. डाक कांवड़ :
यह यात्रा सामान्य कांवड़ से कहीं अधिक कठिन होती है और इसमें गति का महत्व होता है.
डाक कांवड़िए गंगाजल लेने के स्थान से लेकर शिवलिंग पर जलाभिषेक करने तक बिना रुके लगातार चलते या दौड़ते रहते हैं I
इनके लिए मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं ताकि वे बिना किसी बाधा के सीधे शिवलिंग तक पहुंच सकें I इस यात्रा में कांवड़ लाने का संकल्प लेकर 10 या उससे अधिक युवाओं की टोली वाहनों में सवार गंगा घाट जाती है. यहां ये लोग जल उठाते हैं. इस यात्रा में शामिल टोली में से एक या दो सदस्य लगातार नंगे पैर गंगा जल हाथ में लेकर दौड़ते हैं. एक के थक जाने के बाद दूसरा दौड़ लगाता है. इसलिए डाक कांवड़ को सबसे मुश्किल माना जाता है I
3.खड़ी कांवड़:
इस कांवड़ यात्रा में सबसे महत्वपूर्ण नियम यह है कि जल से भरी कांवड़ को किसी भी स्थिति में जमीन पर नहीं रखा जाता I
यदि कांवड़ यात्री को आराम करना होता है, तो कोई दूसरा कांवड़िया या सहयोगी कांवड़ को अपने कंधे पर लेकर खड़ा रहता है या उसे किसी ऊँचे स्थान, जैसे पेड़ या स्टैंड से लटका दिया जाता है I
यह यात्रा शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण होती है और इसमें कठोर अनुशासन की आवश्यकता होती है I
4. दांडी कांवड़ :
यह कांवड़ यात्रा का सबसे कठिन और तपस्या भरा रूप माना जाता है I
दांडी कांवड़िए गंगाजल लेने के स्थान से अपने गंतव्य तक दंडवत प्रणाम करते हुए यात्रा पूरी करते हैं I
इसका अर्थ है कि वे अपने शरीर की लंबाई के बराबर लेटकर, फिर उठकर, और फिर लेटकर आगे बढ़ते हैं I
इस प्रकार की यात्रा को पूरा करने में कई बार महीनों का समय लग जाता है और इसमें अत्यधिक शारीरिक और मानसिक दृढ़ता की आवश्यकता होती है I
इसके अलावा एक और प्रकार की कांवड़ प्रचलित है जिसकी झांकी कांवड़ कहते हैं I कुछ शिव भक्त झांकी लगाकर कांवड़ यात्रा करते हैं. ऐसे कांवड़िए कई किलोमीटर तक झाँकी के साथ कांवड़ लेकर चलते हैं I इन झांकियों में शिवलिंग बनाने के साथ-साथ इसे लाइटों और फूलों से सजाया जाता है I
कांवड़ यात्रा का हर प्रकार भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और भक्ति का ही प्रतीक है I लोक मान्यता हैं कि यदि आप भगवान शिव को प्रसन्न करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं तो कांवड़ यात्रा जरूर करनी चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि शिवलिंग पर गंगा का पवित्र जल चढ़ाने से भगवान शिव अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी करते हैं I
पिछले कुछ वर्षों से यह यात्रा तेजी से बढ़ा है. पहले यह यात्रा कुछ साधुओं और सीमित श्रद्धालुओं तक ही सीमित थी. आज, यह सावन के महीने में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें लाखों-करोड़ों शिव भक्त शामिल होते हैं I कांवड़ यात्रा केवल जल लाने की परंपरा नहीं है, बल्कि यह भक्ति, श्रद्धा, तपस्या और आत्मसमर्पण का एक अद्भुत प्रतीक है. यह यात्रा शिव भक्तों के धैर्य और आस्था को दर्शाती है I
हर हर महादेव
इस कहानी को आप यूट्यूब पर भी देख सकते हैं, ये रहा


इस कहानी को आप यूट्यूब पर भी देख सकते हैं, ये रहा लिंक https://youtu.be/hR8YT8Lv2GQ?si=FPkHtdlgs8Ob8Csw